कानून व्यवस्था को ठेंगा: दबंगों ने बीच रास्ते में रोककर युवकों से की अभद्रता, जान से मारने की धमकी देकर हुए फरार
चांदा/सुलतानपुर:

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के चांदा थाना क्षेत्र से रूह कंपा देने वाली गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बेखौफ दबंगों ने कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए दो युवकों को न सिर्फ बंधक बनाया, बल्कि उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि दबंगों ने पीड़ितों पर जबरन एक विशेष धार्मिक नारा लगाने का दबाव बनाया और नारा लगवाने के बाद भी उनका दिल नहीं भरा, तो उन्हें बेरहमी से पीटा और हजारों की नकदी समेत कीमती सामान लूट लिया। इस खौफनाक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।


बाजार जा रहे थे युवक, रास्ते में घेरकर तांडव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ जनपद के थाना देवसरा क्षेत्र के रामगंज निवासी आफताब आलम पुत्र मोहम्मद जमील अपने रिश्तेदार मोहम्मद जीशान (निवासी दोस्तपुर) के घर आया हुआ था। दोनों युवक जब घरेलू सामान खरीदने के लिए ढखवा बाजार जा रहे थे, तभी रास्ते में घात लगाए बैठे अक्षत पांडेय, कमल, चंदन और सूरज राजा नामक युवकों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उन्हें घेर लिया।
नारा लगवाने के बाद भी बरसाईं लाठियां, ₹25 हजार और मशीन लूटी
चांदा कोतवाली में दी गई तहरीर में पीड़ित आफताब आलम ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें रोककर पहले तो धार्मिक नारा लगाने के लिए मजबूर किया। दहशत के मारे जब युवकों ने नारा लगा दिया, उसके बावजूद भी आरोपियों का मन नहीं भरा। दबंगों ने दोनों युवकों पर लात-घूसे बरसाने शुरू कर दिए और उन पर बेहद अपमानजनक व अभद्र टिप्पणियां कीं।
गुंडागर्दी यहीं नहीं रुकी; पीड़ितों का आरोप है कि मारपीट के दौरान दबंगों ने आफताब के पास मौजूद ₹25,000 नकद और एक ड्रिल मशीन जबरन छीन ली। इस पूरे तांडव का आरोपियों ने मोबाइल पर वीडियो भी बनाया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
‘मुंह खोला तो जान से मार देंगे’—धमकी से सहमा पीड़ित परिवार
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पीड़ितों को साफ लहजे में भुगत लेने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस या किसी और से शिकायत की, तो अंजाम भुगतना होगा और जान से मार दिया जाएगा। इस खौफनाक धमकी के कारण पीड़ित इस कदर सहम गए कि वे तुरंत पुलिस स्टेशन जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। लेकिन जब सोशल मीडिया पर वीडियो आग की तरह फैल गया और परिजनों को इसकी भनक लगी, तब जाकर हिम्मत जुटाकर 11 जून को आफताब आलम ने चांदा कोतवाली में नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी।
पुलिसिया कार्रवाई: जांच के घेरे में वायरल वीडियो
इस पूरे मामले पर पुलिस अब हरकत में आई है। चांदा कोतवाली पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने सख्त लहजे में कहा है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ ऐसी विधिक कार्रवाई की जाएगी जो मिसाल बनेगी। लेकिन बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर इन दबंगों में पुलिस और कानून का खौफ इतना खत्म क्यों हो चुका है?
Author: fastblitz24



