Fastblitz 24

ट्रंप की धमकी पर ईरान के विदेश मंत्री का पलटवार

 

तेहरान. ईरान में विरोध प्रदर्शनों को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी पर तेहरान भड़क गया है। शुक्रवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने ट्रंप की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है और कहा कि देश के अंदरूनी मामलों में किसी भी दखल को सख्ती से खारिज किया जाएगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ईरानी विदेश मंत्री ने देश में हो रहे विरोध प्रदर्शनों को शांतिपूर्ण बताया और कहा कि वे हाल ही में करेंसी में उतार-चढ़ाव के कारण हुए। ईरान के अंदर से आ रही रिपोर्टों के अनुसार, लगभग एक सप्ताह से चल रहे विरोध प्रदर्शनों और झड़पों के दौरान देश भर में कम से कम सात लोग मारे गए हैं।

अराघची ने हिंसा की कुछ अलग-अलग घटनाओं की बात स्वीकार की, लेकिन विदेशी दखल के खिलाफ खुली चेतावनी दी। उन्होंने लिखा कि ट्रंप का संदेश लापरवाह और खतरनाक है। जैसा पहले भी हुआ है, ईरानी लोग अपने अंदरूनी मामलों में किसी भी दखल को खारिज करेंगे। अराघची ने ट्रंप की धमकी पर पलटवार करते हुए कहा, ‘हमारी सेनाएं तैयार हैं और संप्रभुता के किसी भी उल्लंघन की स्थिति में उन्हें ठीक से पता है कि कहां निशाना लगाना है।’

ईरान के दूसरे अधिकारियों ने भी अमेरिकी दखल के खिलाफ चेतावनी दी है। ट्रंप की धमकी के तुरंत बाद सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के सलाहकार अली शामखानी ने कहा कि ईरान की सुरक्षा एक रेड लाइन है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी दखल का जवाब दिया जाएगा। ईरानी अधिकारियों ने अमेरिका और इजरायल पर अशांति भड़काने का आरोप लगाया है और चेतावनी दी कि विदेशी दखल से पूरे क्षेत्र में अस्थिरता फैलेगी।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज