Fastblitz 24

जौनपुर: दबंग ने बगीचे और खलिहान में लगाई आग, लाखों का नुकसान

जौनपुर | जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगीपुर खुर्द गांव में शनिवार रात एक दबंग युवक के दुस्साहस ने आधा दर्जन ग्रामीणों को भारी आर्थिक चोट पहुँचाई है। आपसी रंजिश के चलते आरोपी ने खलिहान और बगीचे में आग लगा दी, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति और हरे-भरे पेड़ जलकर राख हो गए। घटना के बाद से गांव में दो पक्षों के बीच भारी तनाव व्याप्त है।

रंजिश की भेंट चढ़ा ग्रामीणों का बगीचा

​जानकारी के अनुसार, जंगीपुर खुर्द निवासी अखिलेश सिंह, प्रमोद सिंह, संतोष सिंह, रमेश सिंह और मनोज सिंह के बगीचे व खलिहान एक-दूसरे से सटे हुए हैं। शनिवार की रात पड़ोसी क्षेत्र के ही एक मनबढ़ युवक ने रंजिश के चलते वहां आग लगा दी। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में न केवल फसल और चारा जला, बल्कि बगीचे में लगे कीमती हरे-भरे पेड़ भी पूरी तरह झुलस कर बर्बाद हो गए।

पुलिस में नामजद तहरीर, जांच शुरू

​अग्नितांडव की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पीड़ितों ने तत्काल सरायख्वाजा पुलिस को मामले से अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पीड़ितों ने आरोपी युवक के खिलाफ नामजद तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि इस घटना से किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस नजर बनाए हुए है ताकि विवाद आगे न बढ़े।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज