जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जपटापुर बाजार में बुधवार की रात करीब 12 बजे दो ट्रकों की आमने सामने में भीषण भिड़ंत में एक चालाक की मौत हो गई तो वहीं दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग घबराकर बाहर निकल आए और तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और लगभग 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को ट्रकों से बाहर निकाला। घायलों को एम्बुलेंस 108 से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान 29 वर्षीय चालक गोविंद कुमार की मौत हो गई। दूसरे चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने देर रात तक यातायात सामान्य कराने में काफी प्रयास किया। थाना प्रभारी अमरेन्द्र कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक की पहचान गोविंद कुमार उम्र 29 पुत्र ननकु कुमार निवासी देवाकलपुर केराकत के रूप में हुई है। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


Author: fastblitz24



