जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के पराऊगंज स्थ्ति बाजार में अतिक्रमण हटाने का विरोध करते हुए दो महिलाएं सड़क पर लेट गईं। अदालत के अमीन से हाथपाई की और छप्पर जला दिए। घर की महिलाएं सड़क पर लेट जा रही थीं और कई बार आत्मदाह की भी कोशिश की गई। महिलाएं गैस सिलिंडर लेकर पहुंच गईं और उसमें आग लगाने की कोशिश की। करीब पांच घंटे तक चले हंगामे के बाद अतिक्रमण हटाया जा सका। दीवानी न्यायालय के आदेश पर अदालत के अमीन और काफी संख्या में पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी से अतिक्रमण ध्वस्त किया गया।

जमीन के विवाद में अदालत में 1978 से मुकदमा चल रहा था। 14 सितंबर 2023 को अरुण कुमार दुबे के पक्ष में फैसला आया। साढ़े चार बिस्वा जमीन को खाली करने के लिए हरिदास, कामता, रामचंद्र, छोटेलाल, हरिलाल को नोटिस जारी किया गया। जमीन खाली नहीं होने पर न्यायालय ने पुलिस अधीक्षक को कोर्ट से लेटर जारी कर पुलिस बल मांगा। पुलिस का एक दिन का वेतन वादी से कोर्ट में जमा कराया गया। अदालत के अमीन सुनील कुमार सरोज ने बताया कि कब्जे की जमीन खाली कराकर वादी के पक्ष में देने के आदेश मिला। जिसका पालन कराया जा रहा है। दोपहर 12 बजे कब्जा खाली कराने के लिए चार जेसीबी का सहारा लिया गया। उन्होंने बताया कि कब्जा धारकों ने उनके साथ हाथापाई की और और छप्पर जला दिया। महिलाएं सड़क पर लेटकर ध्वस्तीकरण विरोध करने लगीं। प्रभारी निरीक्षक गजानंद चौबे ने बताया कि महिला पुलिस के सहयोग से महिलाओं को समझाकर सड़क से हटाया गया। महिलाओं ने स्वयं पर आग लगाने का प्रयास किया। गैस सिलिंडर में भी आग लगाने का प्रयास किया। अतिक्रमण हटाने के दौरान महिलाएं हंगामा करती रहीं।


Author: fastblitz24



