जौनपुर। थाना केराकत क्षेत्र के सरकी बाजार में स्कॉर्पियो और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर में ऑटो सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। पूरा मामला कुछ इस प्रकार का है कि पूरनपुर गांव निवासी ऑटो चालक सुरेश प्रजापति और कलावती देवी आजमगढ़ के लालगंज बाजार स्थित एक निजी अस्पताल से दवा लेकर अपने घर लौट रहे थे।

सरकी बाजार पहुंचते ही केराकत से देवगांव की ओर जा रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उनकी ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे एक टीनशेड से जा टकराई। हादसे में ऑटो चालक सुरेश प्रजापति और महिला यात्री कलावती देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बाजार में कुछ देर के लिए अफरा.तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन और उसके चालक को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है।


Author: fastblitz24



